देश

PM मोदी ने सीपी राधाकृष्णन की उम्मीदवारी पर जताई खुशी, फोटो साझा कर कही बड़ी बात

NDA Vice Presidential Candidate: भाजपा संसदीय बोर्ड ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को राजग की ओर से उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी उम्मीदवारी पर खुशी जताई और कहा कि राधाकृष्णन जी ने हमेशा सामुदायिक सेवा और हाशिए के लोगों को सशक्त बनाने पर ध्यान केंद्रित किया है।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (दाएं) और राजग के उपराष्ट्रपति पद उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन (बाएं) (फोटो साभार: @narendramodi)

Photo : Twitter

NDA Vice Presidential Candidate: भाजपा संसदीय बोर्ड ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को राजग की ओर से उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया। उनकी उम्मीदवारी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि सीपी राधाकृष्णन जी ने हमेशा सामुदायिक सेवा और हाशिए के लोगों को सशक्त बनाने पर ध्यान केंद्रित किया है; मुझे खुशी है कि राजग ने उन्हें उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार चुना है।

PM मोदी ने क्या कुछ कहा?

पीएम मोदी ने कहा कि राजग के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार राधाकृष्णन ने हमेशा हाशिए के लोगों को सशक्त बनाने पर ध्यान केंद्रित किया है और समर्पण, विनम्रता और बुद्धिमत्ता से खुद की पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि राधाकृष्णन ने तमिलनाडु में जमीनी स्तर पर व्यापक काम किए और उन्हें खुशी है कि राजग ने उन्हें उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार चुना है।

कौन हैं सीपी राधाकृष्णन?

चंद्रपुर पोन्नुसामी राधाकृष्णन उर्फ सीपी राधाकृष्णन को 31 जुलाई 2024 को महाराष्ट्र के राज्यपाल के पद पर नियुक्त किया गया था। इससे पहले, उन्होंने लगभग डेढ़ साल तक झारखंड के राज्यपाल के रूप में काम किया। इसके अलावा, वे तेलंगाना के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार और पुडुचेरी के उपराज्यपाल का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल चुके हैं।

20 अक्टूबर, 1957 को तमिलनाडु के तिरुपुर में जन्मे सीपी राधाकृष्णन ने 1974 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के स्वयंसेवक के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की और भारतीय जनसंघ के राज्य कार्यकारी समिति के सदस्य बने। 1996 में वह भाजपा तमिलनाडु के सचिव नियुक्त हुए। इसके बाद 1998 और 1999 में कोयंबटूर से लोकसभा सांसद चुने गए। इसके अलावा, 2004 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में संसदीय प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के रूप में भाषण दिया और ताइवान की पहली संसदीय यात्रा में भी शामिल हुए थे।

वह 2004 से 2007 तक भाजपा तमिलनाडु के प्रदेश अध्यक्ष रहे। 2020 से 2022 तक भाजपा केरल के अखिल भारतीय प्रभारी रहे। साथ ही 18 फरवरी 2023 को झारखंड के राज्यपाल नियुक्त किए गए थे।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राधाकृष्णन के नामांकन की घोषणा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यापक विचार-विमर्श के बाद उनके नाम पर मुहर लगाई गई। नड्डा ने उम्मीद जताई कि विपक्षी दल राजग उम्मीदवार का समर्थन करेंगे। सनद रहे कि जगदीप धनखड़ के पिछले महीने स्वास्थ्य कारणों से उपराष्ट्रपति पद से अचानक इस्तीफा देने के कारण इस पद चुनाव कराना पड़ रहा है। उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव नौ सितंबर को होगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 22 अगस्त है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!